
मामले की जांच हुई तो पता चला कि थाने में आईटीआई के जरिए अप्रेंटिस पर आए एक युवक ने ये सारे हथियार उड़ा दिए और राजस्थान, नोएडा सहित दिल्ली-एनसीआर में । मामले का पता चलते ही पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने टीमें दौड़ाई और सभी हथियार बरामद कर लिए गए। मगर, इसे बड़ी लापरवाही मानते हुए तत्काल प्रभाव से मालखाना इंचार्ज ASI बिजेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया। उनके खिलाफ थाने में ही एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
6 दिन पहले ही फतेहाबाद जिले के सदर थाने के मालखाने से 211 पेटी शराब गायब हो गईं थी। SP ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कराते हुए सस्पेंड कर दिया था। साथ ही पूरे थाने का स्टाफ बदल दिया गया था।
थाने से कैसे गायब हुए लाइसेंसी हथियार, जानिए पूरा मामला….
- रूटीन जांच के दौरान हुआ खुलासा : पुलिस के अनुसार रूटीन जांच के दौरान पुलिस हथियारों की संख्या में गड़बड़ मिली थी। पहली जांच में केवल 13 हथियारों के गायब होने का पता चला था। मगर, जब गहन जांच की गई तो उसमें ये संख्या 32 तक पहुंच गई। इसके बाद पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने मामले की जांच शुरू कराई, जिसमें 32 हथियारों के गायब होने की जानकारी मिली है।
- 10-12 लाख रुपये तक की विदेशी पिस्टल : सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जो हथियार मालखाने से गायब हुए है, उनमें कई विदेशी हथियार भी शामिल है। इनकी कीमत 2 लाख रूपए से लेकर करीब 12 लाख रूपए तक है। इनमें मंहगी विदेशी पिस्टल शामिल है। आंशका जताई जा रही है कि इन हथियारों को राजस्थान, नोएडा सहित दिल्ली-एनसीआर में बेचा गया है। हालांकि पुलिस की तरफ से कोई बयान जारी नही किया गया है।
- आईटीआई अप्रेंटिस पर आए युवक ने उड़ाए हथियार: फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि ये करीब 2 महीने पुराना मामला है। पुलिस इस केस में 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। बताया कि एक युवक आईटीआई के जरिए अप्रेंटिस पर आया था। उसने एक-एक करके हथियारों को चोरी किया और अपने जानकारों के माध्यम से बेच दिया। पुलिस सारे हथियार बरामद कर चुकी है।
211 पेटी शराब पर फतेहाबाद एसएचओ पर गिर चुकी गाज
छह दिन पहले ही हरियाणा के फतेहाबाद जिले के सदर थाने के मालखाने से 211 पेटी शराब गायब होने का मामला सामने आया था। इसकी शिकायत पहले DGP ऑफिस तक पहुंची थी। वहां से मामला SP निकिता खट्टर के पास भेजा गया, जिसके बाद जांच के लिए ASP दिव्यांशी सिंगला को नियुक्त किया गया।
ASP ने मालखाने की जांच के दौरान रिकॉर्ड का मिलान किया तो 211 पेटी शराब कम मिली। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद SP ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कराते हुए सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही पूरे थाने का स्टाफ बदल दिया गया है। कुल 48 पुलिसकर्मियों का तबादला कर उन्हें अन्य स्थानों पर भेजा गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिछले महीने इन शराब की पेटियों को नष्ट करने के लिए कोर्ट से आदेश लिया गया था। आरोप है कि कागजों में तो शराब को नष्ट दिखा दिया गया, लेकिन वास्तविकता में पेटियों को खुर्द-बुर्द कर दिया गया। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि शराब को बेचा गया या किसी अन्य तरीके से ठिकाने लगाया गया





