NCR Newsफरीदाबाद

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 : एचएसवीपी संपदा अधिकारी नवीन कुमार ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

 

– मुजेड़ी, चंदावली, मछ्गर सहित विभिन्न बूथों पर पहुंचकर परखा डिजिटलीकरण कार्य, बीएलओ को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

– अंतिम तिथि का इंतजार न करें, समय रहते एन्यूमरेशन फॉर्म जमा कराएं : नवीन कुमार

फरीदाबाद, 12 जुलाई।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत एचएसवीपी संपदा अधिकारी एवं निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) नवीन कुमार ने रविवार को मुजेड़ी, चंदावली, मछ्गर सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण कार्य की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने बूथ स्तर पर चल रही गतिविधियों का अवलोकन करते हुए बीएलओ से घर-घर संपर्क अभियान, एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण एवं संग्रहण तथा डिजिटलीकरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान नवीन कुमार ने प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी घरों तक पहुंच बनाई जा रही है तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम पुनरीक्षण प्रक्रिया से वंचित न रहे। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक परिवार से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करते हुए गणना प्रपत्र भरवाना, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करना तथा प्राप्त सभी एन्यूमरेशन फॉर्म का समयबद्ध डिजिटलीकरण कर पोर्टल पर अपलोड करना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक चरण का सावधानीपूर्वक और निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जिले की मतदाता सूची पूर्णतः अद्यतन, त्रुटिरहित एवं प्रमाणिक बन सके।

निरीक्षण के दौरान नवीन कुमार ने क्षेत्र के नागरिकों से भी संवाद किया तथा उनसे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं कराया है, वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास फॉर्म जमा कराएं। अंतिम दिनों में पोर्टल पर कार्यभार बढ़ने, दस्तावेजों में त्रुटि अथवा अन्य तकनीकी कारणों से अनावश्यक विलंब हो सकता है। समय रहते फॉर्म जमा करने से आवश्यक सुधार भी आसानी से किए जा सकेंगे और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम अद्यतन मतदाता सूची में सही रूप में दर्ज किया जाना सुनिश्चित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button