NCR Newsफरीदाबाद

कृष्णपाल गुर्जर के प्रयास से डीटीपी क्षेत्र के अधीन आने वाले हजारों प्लॉट धारकों को मिली बड़ी राहत

केंद्रीय राज्यमंत्री से मिला फरीदाबाद स्टेट एजेंट वेलफेयर एसो. का प्रतिनिधिमंडल, जताया आभार
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद तथा डीटीपी के अंतर्गत आने वाले सेक्टरों में एस+4 (चार फ्लोर) भवन निर्माण एवं बिल्डिंग प्लान स्वीकृति को लेकर लंबे समय से उत्पन्न गंभीर समस्या के समाधान की दिशा में फरीदाबाद स्टेट एजेंट वेलफेयर एसोसिएशन के निरंतर प्रयास रंग लाए हैं। संस्था के प्रधान आकाश गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर से मुलाकात कर इस जनसमस्या को प्रमुखता से उठाया। मंत्री महोदय ने प्रत्येक मुलाकात में विषय को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों से प्रतिनिधिमंडल के समक्ष ही दूरभाष पर वार्ता कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उनके सकारात्मक हस्तक्षेप और सक्रिय पहल के परिणामस्वरूप पहले हुडा क्षेत्रों में न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया गया तथा अब डीटीपी विभाग ने भी तकनीकी कारणों से बंद पड़े पोर्टल के दौरान ऑफलाइन माध्यम से बिल्डिंग प्लान एवं एस+4 एनओसी मामलों के निस्तारण के आदेश जारी कर दिए हैं। संस्था के प्रधान आकाश गुप्ता ने मंत्री जी को बताया कि यह निर्णय केवल बिल्डरों या प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि हजारों प्लॉट मालिकों एवं आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है, जो लंबे समय से अपने भवन निर्माण कार्य शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पूरी संस्था की ओर से केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया गया। प्रतिनिधिमंडल में संस्था के कोषाध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, सतीश नासा, कपिल गर्ग, राजेश तंवर, अनिल भारद्वाज, राजिंदर शर्मा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि जब भी संस्था जनहित से जुड़े किसी विषय को लेकर मंत्री जी के समक्ष पहुंची, उन्होंने सदैव सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए अधिकारियों को तुरंत आवश्यक निर्देश दिए और समस्याओं के समाधान का हरसंभव प्रयास किया। संस्था ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के मुद्दों का त्वरित समाधान होता रहेगा। फरीदाबाद स्टेट एजेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर का पुन: आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी आम नागरिकों, प्लॉट धारकों एवं रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े लोगों के हितों की रक्षा हेतु निरंतर प्रयास करती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button