NCR Newsफरीदाबाद

डॉ. अर्चना गुप्ता के अभिनंदन समारोह की तैयारियों का मंत्री राजेश नागर ने लिया जायजा

 

फरीदाबाद। हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के सम्मान में आगामी 5 जुलाई को फरीदाबाद में आयोजित होने वाले सार्वजनिक अभिनंदन समारोह की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम स्थल अम्मा हॉस्पिटल के सभागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनका फरीदाबाद आगमन संगठन के कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और प्रेरणा का विषय है। ऐसे में उनका स्वागत और अभिनंदन भव्य एवं गरिमामय तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा, मंच व्यवस्था, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता तथा यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से कहा कि कार्यक्रम में आने वाले प्रत्येक अतिथि और कार्यकर्ता के सम्मान एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
मंत्री नागर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि फरीदाबाद के कार्यकर्ता अपने अनुशासन और समर्पण के बल पर इस अभिनंदन समारोह को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करेंगे।
इस दौरान भाजपा जिला फरीदाबाद अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल सहित अन्य पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button