
फरीदाबाद, 27 जून । फरीदाबाद में युवतियों से भरी बस पर 8-10 युवकों ने अटैक कर दिया। जबरन बस का गेट खुलवाकर अंदर घुस गए। अंदर घुसते ही ड्राइवर के साथ मारपीट की गई। इसके बाद डंडे मारकर बस के शीशे तोड़ दिए। घटना में दो-तीन युवतियों को गंभीर चोटें लगीं। बस ड्राइवर का कहना है कि आरोपियों ने बस पर पत्थरबाजी भी की। जब उसने बस आगे बढ़ाने की कोशिश की तो डंडे लेकर अंदर घुस गए। अंदर घुसकर युवतियों के साथ भी बदसलूकी की गई। युवतियां कंपनी की बस में वर्क स्टेशन जा रही थी, रास्ते में ही राजीव चौक के पास पहुंचते ही ये हमला हुआ। फरीदाबाद के सेक्टर-58 थाना एरिया में गुर्जर चौक के पास से पॉलीमेड कंपनी की बस गुजर रही थी। इसी दौरान 8-10 युवकों ने जबरन बस रुकवा ली। कुछ युवक बस के अंदर चढ़ गए और ड्राइवर के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाहर खड़े युवक बस पर पत्थर बरसाने लगे। ड्राइवर मोहम्मद ताज का कहना है- पत्थर लगने से बस के कई शीशे टूट गए। कांच लगने से बस में बैठी 2-3 युवतियां भी घायल हो गई। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें युवक डंडा लेकर बस में चढक़र गाली-गलौज करता दिखाई दे रहा है। युवतियां उसे देखकर घबरा जाती है और युवक को बाहर जाने के लिए कहती है। ड्राइवर को धमकाने के बाद युवक बस से नीचे उतर जाता है। वहीं बस के पास कुछ युवक हाथ में डंडे लिए भी खड़े दिखाई दे रहे हैं। बस ड्राइवर मोहम्मद ताज का कहना है कि युवकों ने करीब एक महिला पहले भी बस में चढक़र मारपीट की थी। आरोपी युवतियों को परेशान करते थे। उस समय मामला पुलिस के पास भी गया था, बाद में समझौता होने के बाद मामला निपट गया था। मोहम्मद ताज के अनुसार, शुक्रवार शाम वह सेक्टर-59 स्थित पॉलीमेड कंपनी में काम करने वाली युवतियों को कंपनी से उनके घर छोडऩे जा रहा था। इसी दौरान ये घटना हुई। ड्राइवर का दावा है कि युवक आसपास के गांव के ही रहने वाले हैं। इनमें से एक नाम गणेश और दूसरे का नाम विक्की है, इनके साथ 6-7 अन्य युवक भी वारदात में शामिल थे। सेक्टर-58 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। अभी पीडि़त पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करेगी।





