NCR Newsफरीदाबाद

संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत, जांच में जुटी पुलिस

फरीदाबाद। सरूरपुर थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी में एक 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर की छत पर लगे गार्डर से चुन्नी के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही सरूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान नागरिक अस्पताल (बीके) की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मृतका की पहचान रीमा (23) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसकी शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। उसका पति पंजाब के डेरा बस्सी में रहता है, जबकि रीमा फरीदाबाद की दुर्गा कॉलोनी में अपने सास, ससुर और देवर के साथ रह रही थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार रविवार सुबह जब रीमा के ससुर घर की छत पर पहुंचे तो उन्होंने उसे गार्डर से चुन्नी के फंदे के सहारे लटका हुआ देखा। उन्होंने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी और पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। वहीं, मृतका की सास ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि परिवार में कभी किसी प्रकार का विवाद या घरेलू कलह नहीं हुई। उन्होंने बताया कि रीमा ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आत्महत्या से पहले रीमा ने अपनी छोटी बुआ से वीडियो कॉल पर बात की थी। अब पुलिस उस वीडियो कॉल की जानकारी जुटा रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि बातचीत में क्या हुआ था। इसके अलावा मृतका के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि रीमा का मायका महाराष्ट्र के नासिक में है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके फरीदाबाद पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button