
फरीदाबाद, 02 जुलाई । फरीदाबाद में सीआईए से बचकर भाग रहे स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने एक युवक को कुचल दिया। आरोपियों ने युवक को मारने के लिए करीब 200 मीटर तक उसका पीछा किया। जब युवक सडक़ क्रॉस कर भागने लगा, आरोपियों ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आरोपी कई फीट दूर जाकर गिरा। आरोपियों ने टक्कर मारकर पास के ही एक मकान की दीवार भी गिरा दी। घटना में युवक को गंभीर चोट लगी है। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, गंभीर हालत में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी स्कॉर्पियो सवारों का शक था- पीडि़त ने सीआईए को उनके ठिकाने की सूचना दी है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें आरोपी युवक को टक्कर मारते दिखाई दे रहे हैं। दरअसल यनुनानगर सीआईए की टीम चोरी के एक मामले में बुधवार को धौज निवासी परवेज तालिम को पकडऩे के लिए फरीदाबाद आई थी। आरोपी को पहले से ही टीम के आने की भनक लग गई। इसके बाद आरोपी अपने एक साथ के साथ ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया। दोपहर टीम ने आरोपी की गाड़ी का पीछा भी किया, मगर आरोपी पुलिस टीम को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि इसके बाद आरोपी गाड़ी लेकर सीधा सिरोही गांव पहुंचा। यहां उसने नफीस के घर में घुसकर गाली-गलौज की। परवेज को शक था कि नफीस ने ही उसके बारे में सीआईए को जानकारी दी है। कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद आरोपी दोनों पक्ष हंगामा करते- करते खेतों की तरफ आ गए। इसके बाद आरोपी ने नफीस को कुचलने के लिए उसके पीछे गाड़ी दौड़ा दी। गाड़ी की टक्कर लगते ही नफीस दूर जाकर गिरा। उसके गंभीर चोटें लगी है। परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। नफीस के साथ इस घटना में तीन-चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। वहीं आरोपी परवेज गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यमुनानगर सीआईए भी आरोपी की तलाश भी जुटी है।





