
पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ ने किया दुर्घटना संभावित स्थानों का किया निरीक्षण
फरीदाबाद, 16 जुलाई । सडक़ दुर्घटनाओं के मद्देनजर, प्रभावी सुरक्षा व दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़, प्रतीक अग्रवाल ने गुरुवार को थाना शहर बल्लभगढ़ और थाना सेक्टर-8 क्षेत्र का दौरा कर दुर्घटना संभावित स्थल चिन्हित किये और संबंधित थाना प्रभारी को इन स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और सडक़ सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने बारे निर्देशित किया है। निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने थाना शहर बल्लभगढ़ क्षेत्र के सलूजा पेट्रोल पंप (अनाज मंडी के सामने), सोहना पुल रेड लाइट तथा आईएमटी चौक बाईपास का जायजा लिया। वर्ष 2026 में अब तक इन तीनों स्थानों पर करीब 10 से 12 घातक सडक़ दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें सामने आया कि अधिकांश हादसे दोपहिया वाहनों की तेज रफ्तार और सडक़ पर लगी सुरक्षा ग्रिल पार कर सडक़ क्रॉस करने वाले पैदल यात्रियों की वजह से हुये हैं। इस दौरान उन्होंने थाना सेक्टर-8 क्षेत्र के सूरदास मेट्रो स्टेशन और बाटा चौक का भी निरीक्षण किया गया। इन स्थानों को भी दुर्घटना संभावित क्षेत्र मानते हुए यहां अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने की आवश्यकता जताई गई। डीसीपी प्रतीक अग्रवाल ने संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर नियमित पुलिस निगरानी बढ़ाई जाए और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम फरीदाबाद (एमसीएफ) और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक आधारभूत सुधार, चेतावनी संकेतक, सुरक्षा बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराने के लिए पत्राचार किया जाएगा। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि अधिकांश हादसे देर रात के समय हुये हैं। इनमें तेज रफ्तार दोपहिया वाहन चालक और सुरक्षा ग्रिल लांघकर सडक़ पार करने वाले पैदल यात्रियों की संख्या अधिक रही।
पुलिस उपायुक्त प्रतीक अग्रवाल कर्मचारियों से बातचीत करते हुए





