NCR Newsफरीदाबाद

फरीदाबाद में डंपिंग यार्ड के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

फरीदाबाद, 06 जुलाई । सेक्टर-56 स्थित डंपिंग यार्ड को बंद कराने की मांग को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने नगर निगम की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी और निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर डंपिंग यार्ड को जल्द बंद करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी, कि यदि एक सप्ताह के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि डंपिंग यार्ड में लगातार बढ़ते कूड़े के ढेर और वहां से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के हजारों लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। पिछले तीन वर्षों से क्षेत्रवासी इस डंपिंग यार्ड को हटाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। सेक्टर-56 निवासी सुदेश ने बताया कि गांव प्रतापगढ़, समयपुर, सेक्टरों और आसपास की कॉलोनियों के लोग एकजुट होकर अपनी मांग को लेकर नगर निगम मुख्यालय पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में विधायक, मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि इस बार मेयर और निगम आयुक्त को ज्ञापन देकर स्पष्ट रूप से एक सप्ताह का समय दिया गया है। यदि तय समय सीमा के भीतर डंपिंग यार्ड को बंद करने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया, तो क्षेत्रवासी बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। स्थानीय निवासी महेश ने बताया कि डंपिंग यार्ड में प्रतिदिन कूड़ा लेकर आने वाले डंपरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है और लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने प्रशासन से जनहित में जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। नगर निगम की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि सेक्टर-56 के निवासियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित मांगपत्र उन्हें सौंपा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निगम प्रशासन पूरे मामले का गंभीरता से परीक्षण करेगा और लोगों की समस्या का जल्द से जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button