NCR Newsफरीदाबाद

फरीदाबाद में कारोबारी ने दुकान में लगाई फांसी, इंस्टाग्राम पर डाली वीडियो

फरीदाबाद, 28 जून । बल्लभगढ़ के सेक्टर-3 में गारमेंट्स की दुकान चलाने वाले 28 वर्षीय कारोबारी ने अपनी दुकान के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले कारोबारी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताडऩा के गंभीर आरोप लगाए। मृतक की पहचान हाउसिंग बोर्ड, सेक्टर-3 निवासी राहुल (28) के रूप में हुई है। वह सेक्टर-3 में गारमेंट की दुकान चलाता था, जिसे उसने करीब 4 महीने पहले शुरू किया था। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह राहुल घर से अपनी मां से मिलकर दुकान पहुंचा था। कुछ देर बाद उसने दुकान के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके सिविल अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार, राहुल ने करीब दो वर्ष पहले ज्योति नाम की युवती से लव मैरिज की थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद पत्नी नहीं चाहती थी कि राहुल अपने माता-पिता के साथ रहे। इसी वजह से वह अलग रहने लगा था। हाल ही में उसने अपनी नई गारमेंट्स की दुकान भी शुरू की थी। मृतक के परिजन अमित ने आरोप लगाया कि राहुल काफी समय से अपनी पत्नी और उसके मायके पक्ष की प्रताडऩा से मानसिक रूप से परेशान था। उनका कहना है कि पत्नी ने राहुल के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया था, जिससे वह तनाव में रहने लगा था। परिजनों का यह भी आरोप है कि राहुल को अपने माता-पिता से मिलने तक से रोका जाता था। आत्महत्या से पहले राहुल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी ज्योति, सास वीना, ससुर बिट्टू और पत्नी की बहन नीतू पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में राहुल ने दावा किया कि वह पत्नी के लिए घर के सभी काम झाडू लगाना, बर्तन साफ करता था, इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की जाती थी और उस पर झूठे केस दर्ज कराए गए। उसने कहा कि वह लगातार मानसिक तनाव में था। वीडियो में राहुल ने यह भी कहा कि उसके इस कदम के लिए पत्नी और ससुराल पक्ष जिम्मेदार हैं तथा उन्हें कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। साथ ही उसने अपनी मौत के बाद अपनी संपत्ति मां, बहन और भाइयों के नाम होने की बात भी कही। जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। वीडियो में लगाए गए आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button