NCR Newsफरीदाबाद

फरीदाबाद : टेलीग्राम टास्क के नाम पर ठगी, दो सगे भाई गिरफ्तार

फरीदाबाद, 26 जुलाई । टेलीग्राम टास्क के नाम पर एक महिला से लाखों रुपए की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस टीम ने बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले दो आरोपितों को उत्तर प्रदेश के हापुड़ रोड क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजस्थान के जयपुर निवासी धीरज (25 वर्ष) तथा प्रवीण मीणा (28 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आपस में सगे भाई हैं। आरोपितों को रविवार अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपित जयपुर में एक होटल का संचालन करते हैं। इन्होंने अपने साथी समीर से बैंक खाता लेकर आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसके माध्यम से ठगी की रकम का लेन-देन किया गया। इस मामले में खाताधारक विकास और समीर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ के दौरान ठगी के नेटवर्क, अन्य सहयोगियों, बैंक खातों तथा लेन-देन की विस्तृत जानकारी जुटाई जायेगी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-64 निवासी एक महिला ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि जून 2025 में उसके व्हाट्सएप पर एक संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें एक वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे कमाई करने का लालच दिया गया। इसके बाद साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता को एक लिंक भेजा और टेलीग्राम आधारित एप डाउनलोड करने के लिए कहा। एप डाउनलोड करने के बाद महिला को शुरुआती तौर पर एक हजार रुपए का बोनस दिया गया, जिससे उसका विश्वास जीत लिया गया। प्रारंभ में उसे ऑनलाइन जूते एवं कपड़ों की खरीदारी से जुड़े छोटे-छोटे टास्क पूरे करवाए गए और उनका भुगतान भी किया गया। बाद में ठगों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर महिला को प्रीपेड टेलीग्राम टास्क में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। अधिक लाभ मिलने की उम्मीद में 26 मार्च से लेकर एक अप्रैल के बीच महिला ने ठगों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल सात लाख 69 हजार 308 रुपए भेज दिये। राशि जमा कराने के बाद न तो महिला को कोई लाभ मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। स्वयं को ठगी का शिकार समझने पर पीड़िता ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button