NCR Newsफरीदाबाद

फरीदाबाद : आबादी वाले क्षेत्र में नहीं बनाया जाएगा डंपिंग यार्ड : कृष्णपाल गुर्जर

डंपिंग यार्ड के विरोध में गांव सोतई के लोग केंद्रीय राज्यमंत्री से मिले
फरीदाबाद, 12 जुलाई । गांव सोतई में प्रस्तावित डंपिंग यार्ड के विरोध में रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के उनके सेक्टर-28 स्थित कार्यालय में मिले और डंपिंग यार्ड बनाए जाने के फैसले पर आपत्ति जताई। ग्रामीणों ने कहा कि यदि गांव के पास डंपिंग यार्ड बनाया गया तो आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध, प्रदूषण और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि सेक्टर-56 और पलवल के अगवानपुर जैसे इलाकों में आबादी के बीच बने कूड़ा डंपिंग यार्ड के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। उनका कहना था कि सोतई गांव के साथ भी ऐसा नहीं होना चाहिए और सरकार इस प्रस्ताव को तुरंत रद्द करे। ग्रामीणों की बात सुनने के बाद केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि लोगों की भावनाओं और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए डंपिंग यार्ड के मुद्दे पर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी आबादी वाले क्षेत्र में डंपिंग यार्ड नहीं बनाया जाएगा। मंत्री गुर्जर ने कहा कि गांव सोतई भविष्य में फरीदाबाद का प्रमुख प्रवेश द्वार बनने जा रहा है। ऐसे में वहां डंपिंग यार्ड बनने से न केवल स्थानीय लोगों को परेशानी होगी, बल्कि शहर की सुंदरता और छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा। इसलिए इस विषय पर सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर फैसला लिया जाएगा। इस दौरान एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर उठ रहे सवालों पर भी कृष्णपाल गुर्जर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। देश की किसी भी वाहन निर्माता कंपनी ने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर कोई आधिकारिक शिकायत नहीं की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन देश के विकास और आत्मनिर्भरता को मजबूत करना है। एथेनॉल के उपयोग से किसानों को लाभ मिलेगा, पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम होगी और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास विकास के मुद्दों पर बोलने के बजाय लोगों को गुमराह करने के अलावा कोई ठोस एजेंडा नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button