
फरीदाबाद में धर्म छिपाकर युवती को प्रेमजाल में फंसाने का आरोप सामने आया है। युवती का आरोप है कि युवक ने खुद को वीर बताकर उससे संबंध बनाए और शादी की। शादी के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो पता चला कि उसका असली नाम आरिफ है। इतना ही नहीं, वह पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता भी है।
युवती ने बताया कि इस मामले में पहले पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज हो चुका है, जिसकी सुनवाई कोर्ट में चल रही है। उसका आरोप है कि ससुराल छोड़ने के बाद भी आरिफ उसके घर आता रहा और डरा-धमकाकर जबरन संबंध बनाता रहा। इस दौरान उसका दो बार गर्भपात भी कराया गया।
युवती का आरोप है कि 18 जून को आरिफ उसकी कार लेकर चला गया। जब वह अपनी कार वापस लेने पहुंची तो उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसने आदर्श नगर थाने में शिकायत दी।
मामले में आदर्श नगर थाना के सब-इंस्पेक्टर सुरेश ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत मिली है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी युवती ने बल्लभगढ़ के थाना आदर्श नगर में शिकायत दी है। वह गोरक्षा बजरंग फोर्स के बिट्टू बजरंगी के साथ पहुंची थी।
सिलसिलेवार पढ़िए युवती ने शिकायत में क्या कहा
स्कूल के समय हुई थी पहचान
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वर्तमान में व्हीकल इंश्योरेंस का काम करती है। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि उसकी मां गांव में रहती है। वर्ष 2018 में वह 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसी दौरान उसकी मुलाकात स्कूल के पास स्थित कॉलोनी में रहने वाले एक युवक से हुई। युवक ने अपना नाम वीर बताया था।
2019 में कोर्ट ले जाकर की शादी
युवती का आरोप है कि करीब एक साल की जान-पहचान के दौरान युवक ने कभी अपना असली नाम नहीं बताया। वर्ष 2019 में वह उसे दिल्ली की साकेत कोर्ट ले गया, जहां वकील के माध्यम से शादी कर ली। इसके बाद वह उसे अपने घर ले गया। वहां पहुंचने पर पता चला कि उसका नाम वीर नहीं, बल्कि आरिफ है। साथ ही वह पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता भी है।युवती ने बताया कि 2019 आरिफ से दिल्ली की साकेत कोर्ट में शादी की थी।
बंधकर बनाकर रखा, जबरन संबंधन बनाए
युवती ने आरोप लगाया कि आरिफ ने उसे घर में जबरन बंधक बनाकर रखा और उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाए। वह करीब चार साल तक आरिफ के साथ रही, लेकिन वर्ष 2022 में उससे अलग हो गई। इसके बाद वर्ष 2023 में उसने आरिफ के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया, जिसकी सुनवाई फिलहाल कोर्ट में चल रही है।
पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज कराया केस
युवती के अनुसार, आरिफ के घर से निकलने के बाद उसने वर्ष 2023 में बल्लभगढ़ महिला थाने में शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर शादी की और जबरन संबंध बनाए। इस पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। फिलहाल यह मामला कोर्ट में है और अगली सुनवाई 10 अगस्त को है।युवती ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी है।
जमानत पर आने के बाद फिर परेशान लगा
युवती का कहना है कि उक्त मामले में आरिफ जेल गया था। करीब आठ महीने बाद जमानत पर रिहा होने के बाद वह फिर उसके घर आने लगा। विरोध करने पर वह जान से मारने की धमकी देता था। उसने आरोप लगाया कि इस दौरान आरिफ ने जबरन संबंध बनाए और गर्भवती होने पर दो बार दवा देकर उसका गर्भपात भी करवा दिया।
कार लेने आरिफ के घर पहुंची तो मारपीट की
युवती ने शिकायत में बताया कि 18 जून को वह अपने घर पर मौजूद थी। इसी दौरान वह ड्राइविंग सीखने के लिए किसी परिचित की स्विफ्ट कार घर लेकर आई थी। आरोप है कि तभी आरिफ उसके घर पहुंचा और जबरन कार लेकर चला गया। जब वह कार वापस लेने के लिए आरिफ के घर पहुंची तो वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आरिफ के साथ उसके भाई इमरान और फरहान खान ने भी उसके साथ मारपीट की। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर वहां से निकलने में सफल रही। बाद में वह कार छोड़कर भाग गया।





