
पार्षद ने किया एक करोड़ 25 लाख की लागत से बनने वाली आरएमसी सडक़ परियोजना का शुभारंभ
फरीदाबाद। वार्ड-43 के विकास को नई गति देते हुए आज लगभग 1.25 करोड़ की लागत से एक महत्वपूर्ण विकास परियोजना का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना के अंतर्गत सुषमा स्वराज कॉलेज, सेक्टर-2 से तिगांव रोड तक 24 इंच की नई सीवर लाइन बिछाने तथा आरएमसी सीमेंटेड सडक़ का निर्माण कराया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ वार्ड नं. 43 की पार्षद श्रीमती रश्मि यादव द्वारा विधिवत नारियल फोडक़र किया गया। इस अवसर पर वार्ड नं. 42 के पार्षद दीपक यादव तथा वार्ड नं. 40 के पार्षद पवन यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। तीनों जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्य का शुभारंभ करते हुए कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस परियोजना के पूर्ण होने के पश्चात तिरखा कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों परिवारों को सीवर एवं जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान सुषमा स्वराज कॉलेज से तिगांव रोड तक जलभराव की समस्या के कारण स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ कॉलेज में अध्ययन करने आने वाली हजारों छात्राओं को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार आवागमन बाधित हो जाता था और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। अब नई सीवर लाइन एवं आरएमसी सडक़ के निर्माण के बाद जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी तथा इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा। इससे विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।पार्षद श्रीमती रश्मि यादव ने कहा कि जनता के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद से वार्ड-43 में विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं। हमारा उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की प्रत्येक मूलभूत समस्या का स्थायी समाधान करना है। आने वाले समय में भी वार्ड के सर्वांगीण विकास के लिए इसी प्रकार जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के साथ वार्ड-43 को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा। इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ शिवानी यादव, प्रोफेसर डॉ रमन कौर,प्रोफेसर डॉ अंजू, हेमराज शर्मा, परम सिंह रावत, ओंकार सिंह, रणवीर सिंह, कृष्ण कुमार पुनिया, सतीश गर्ग, धर्मबीर, राहुल बघेल, हरिचंद्र, शिव कुमार सोलंकी, पुनीत, प्रदीप भाटी, नवीन, यशपाल सिंह, राम किशन, मनीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।





