
जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक हुई सम्पन्न
फरीदाबाद। रविवार को सैक्टर-9 स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने की तथा मासिक बैठक का संचालन संगठन महासचिव अशोक रावल ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि आज पूरे हरियाणा में तानाशाही की सरकार चल रही है। जन भावनाओं के अनुरूप काम नहीं हो रहे है, लोकतंत्र में मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है। बलजीत कौशिक ने कहा कि आज हरियाणा प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है। एसआईआर के माध्यम से बीजेपी की सरकार गरीब, मजदूर, वंचित और इधर-उधर काम धंधे करने वाले लोगों की वोट काटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बीएलओ को चाहिए कि घर-घर जाकर एसआईआर का फॉर्म भरना चाहिए लेकिन लोग दर- दर की ठोकर खा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की यह नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि अपने-अपने बूथों पर जाकर लोगों की मदद करें। बीएलए 1 या 2 बनाए गए हैं वो अपनी-अपनी जिम्मेदारी से लोगों के फार्म भरवा कर उनको जागरूक करें ताकि एक भी वोट किसी भी व्यक्ति की कटनी नहीं चाहिए। जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि आज भाजपा की सरकार में छात्रों के साथ खिलवाड़ कर रही है, छात्र पेपर देने जाते हैं समय से पहले ही पेपर लीक हो जाते हैं। आज लाखों युवाओं का भविष्य खराब हो रहा है, छात्रों को ना तो पेपर देने की सुविधा मिल रही है। बार-बार पेपर लीक करके उन लाखों युवाओं का भविष्य से भी खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा की सरकार में विकास नाम की कोई चीज नहीं है, मानूसन सीजन से पहले चारों तरफ सडक़े खुदी हुई है, गड्ढे बने हुए हैं। मानसून सीजन सिर पर है, सफाई व्यवस्था ठीक ढंग से नहीं हो पा रही है। जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि फरीदाबाद में पेयजल की समस्या गहराई हुई है, न तो निगम प्रशासन इस ओर कोई ध्यान दे रहा है और न ही एफएमडीए विभाग। लोग विधायकों, पार्षदों के कार्यालय पर चक्कर लगा-लगाकर परेशान हो रहे है, लेकिन उन्हें पानी नहीं मिल पा रहा है। जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें। अपने-अपने बूथों पर जाकर निगरानी करें। उन्होंने संगठन की मजबूती पर बात करते हुए कहा कि जिनको विधानसभा या ब्लॉक की जिम्मेदारी दी गई है, उनके कामों की समीक्षा शीघ्र की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारी से आग्रह किया है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बताए रास्ते पर चलकर गरीब, दलित, पिछड़े वर्गों की आवाज को बुलंद करें। इस बैठक में अन्य के अलावा पार्टी प्रवक्ता योगेश ढींगड़ा, संजीव चौधरी, जिला उपाध्यक्ष अनिल शर्मा, अनुज शर्मा, विकास फागना सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।





