NCR Newsफरीदाबाद

अभ्यर्थी समय से पहुंचें, दिशा-निर्देशों का करें पालन : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया

 

– 19 जुलाई को दो परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा

– सीएपीएफ परीक्षा की तैयारियों की एडीसी ने की समीक्षा, सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

फरीदाबाद, 15 जुलाई।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं परीक्षा की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), नई दिल्ली द्वारा आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सहायक कमांडेंट) परीक्षा-2026 का आयोजन 19 जुलाई (रविवार) को जिला फरीदाबाद के दो परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रथम पाली में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक पेपर-1 (जनरल एबिलिटी एंड इंटेलिजेंस) वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) प्रश्नों के आधार पर आयोजित होगा, जबकि द्वितीय पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक पेपर-2 (जनरल स्टडीज, निबंध एवं कॉम्प्रिहेंशन) पारंपरिक (कन्वेंशनल) स्वरूप में संपन्न कराया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने आज केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सहायक कमांडेंट) परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर ड्यूटी मजिस्ट्रेट, सेंटर सुपरवाइजर, ट्रांजिट अधिकारियों एवं सभी सम्बंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।

एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, चिकित्सा सहायता, एम्बुलेंस, पुलिस बल, फेस ऑथेंटिकेशन, फ्रिस्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, सेंटर सुपरवाइजर, ट्रांजिट अधिकारियों एवं सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र की पूर्व तैयारियों का निरीक्षण कर सेंटर रेडीनेस रिपोर्ट निर्धारित समय पर उपलब्ध कराई जाएगी तथा सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, अपने प्रवेश पत्र एवं निर्धारित पहचान पत्र साथ लेकर आएं तथा परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार के मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक एवं संचार उपकरण परीक्षा केंद्र में लाने से बचें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button