
फरीदाबाद। दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने सुबह सवेरे ही कांग्रेसी नेताओं के यहां ढेरे डालने शुरु कर दिए। इसी कड़ी में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़ जब अपने दल-बल के साथ दिल्ली कूच करने जा रहे थे, तभी स्थानीय पुलिस और सीआईए द्वारा उनके सेक्टर-16 स्थित निवास को चारों तरफ से घेर कर उन्हें नजरबंद कर लिया। हालांकि उन्होंने इस पुलिसिया कार्रवाई की कड़ी निंदा की और इसे तानाशाह करार दिया। सुमित गौड ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने में जुटी है और आज की यह कार्रवाई सरकार की हठधर्मिता को दर्शाती है। जंतर मंतर पर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट पर लाठियां भांजना पूरी तरह से गलत है और इस कार्रवाई की वह कड़े शब्दों में निंदा करते है। उन्होंने कहा कि बेशक पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन में जाने से रोक दिया, लेकिन जनता के हक-हकूक की आवाज उठाने को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।





