NCR Newsफरीदाबाद

लोगों को भाजपा की विचारधारा से जोडऩे का काम करें कार्यकर्ता : डा. अर्चना गुप्ता

फरीदाबाद पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने किया प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत
फरीदाबाद। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा है कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ की हड्डी है। जब एक बूथ अध्यक्ष और बूथ पर काम करने वाला कार्यकर्ता अपना पसीना बहाता है तथा बूथ जीतकर भाजपा की झोली में डालने का काम करता है, तब विधायक और सांसद बनते हैं तथा सरकारें बनती हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के श्रम से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। डा. गुप्ता रविवार को फरीदाबाद में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रही थी। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना के फरीदाबाद आगमन पर एमवीएन स्कूल अरावली हिल के सामने भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने डॉ. अर्चना गुप्ता का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। इसके उपरांत प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने वजीरपुर गांव परशुराम चौक से भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सचिन ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित साइक्लोथॉन में सहभागिता की। डॉ. अर्चना गुप्ता ने स्वयं साइकिल चलाकर कार्यक्रम स्थल अमृता अस्पताल तक पहुंचते हुए युवाओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम स्थल अमृता अस्पताल सेक्टर 89 के ऑडिटोरियम में पहुंचने पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, खाद्य मंत्री राजेश नागर, विधायक धनेश अदलखा, विधायक मूलचंद शर्मा, सतीश फगाना, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनैतिक सचिव अजय गौड़, जिला प्रभारी नरेंद्र वत्स, पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, राजकुमार वोहरा, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव राजीव जेटली, पूर्व शिक्षा मंत्री श्रीमती सीमा त्रिखा, भाजपा नेता पंकज सिंगला, शोभित अरोड़ा, जिला उपाध्यक्ष धर्मबीर भड़ाना, गोल्डी अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष राजन मुथरेजा, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष जेजू ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता, राज मदान, तथा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सचिन ठाकुर, सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता व धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं के सदस्य और फरीदाबाद के सभी वर्गों के सम्मानित जन कार्यक्रम में उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम देख रहे हरविंदर कोहली समेत अनेक वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का पुष्प गुच्छ और फूलमालाओं से स्वागत और अभिनंदन किया। प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना गुप्ता ने मंचासीन नेताओं के साथ भारत माता, माँ अमृता आनंदमयी, श्रद्धेय श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर पुष्पांजलि अर्पित की । अमृता अस्पताल के ऑडिटोरियम में हजारों लोगों ने डॉ. अर्चना गुप्ता का ढोल नगाड़ों, पुष्पमालाओं, पुष्पगुच्छ, शॉल, पटका एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। फरीदाबाद जिले के सभी मंडल अध्यक्षों ने बड़ी माला से प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया । कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता देने के भाव से पार्टी में आता है, जबकि कांग्रेस और इनेलो की सरकारें केवल लूटने और अपना घर भरने के लिए आई थी। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री प्रधान सेवक के रूप में और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य सेवक के रूप में देश और प्रदेश की सेवा कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को गर्व होना चाहिए कि वह विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का सदस्य है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम का ही परिणाम है कि आज फरीदाबाद जिले में छह में से पांच विधायक भाजपा के हैं और लोकसभा में केंद्रीय मंत्री भी फरीदाबाद का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह सफलता प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे महिलाओं, डॉक्टरों, युवाओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को भाजपा की विचारधारा से जोडऩे का काम करें। उन्होंने कहा कि हमारे लिए मुझसे बड़ा मेरा दल है और दल से बड़ा मेरा देश है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक पोर्टल शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से समाज सेवा के कार्यों में समय देने की इच्छा रखने वाले लोगों को मंच उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब कोई नया व्यक्ति सेवा भाव से पार्टी से जुड़ेगा तो धीरे-धीरे वह एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में स्थापित होगा और संगठन को नई शक्ति देगा। प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और साथ ही जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करें। उन्होंने फरीदाबाद भाजपा संगठन की सराहना करते हुए कहा कि यदि संगठन का विशाल स्वरूप कहीं देखना हो तो वह फरीदाबाद में दिखाई देता है। यहां का संगठन अत्यंत मजबूत और सक्रिय है। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि अगले वर्ष पंचायती राज चुनाव होने हैं। सांसद से लेकर पंच तक जहां भी नजर जाए, वहां भाजपा का कार्यकर्ता दिखाई देना चाहिए। यह कार्य एक दिन में संभव नहीं है, इसलिए इसकी तैयारी आज से ही शुरू करनी होगी। जिला अध्यक्ष पंकज पूंजन रामपाल ने कार्यक्रम में पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा उनके आगमन से फरीदाबाद के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहे हैं और प्रदेश अध्यक्ष द्वारा दिए जाने वाले प्रत्येक दिशा-निर्देश का पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण भाव से पालन करेंगे। उनके नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ेगा। कार्यक्रम में श्रीमती नीरा तोमर, पूर्व वरिष्ठ महापौर देवेंद्र चौधरी, पूर्व जिला महामंत्री मूलचंद मित्तल, आर.एन. सिंह, पार्षद गण, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button