NCR Newsफरीदाबाद

फरीदाबाद : चार टोल टैक्सों से नहीं मिलेगी मुक्ति, करनी होगी जेब ढीली

फरीदाबाद, 01 जुलाई । फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोहना आने-जाने वाले लोगों को चार टोल पर अभी टैक्स देना होगा। इससे पहले चारों टोल पर टैक्स वसूली की अंतिम तिथि दो जुलाई तय की थी लेकिन अब सरकार ने इसे अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया है। यानी आगामी आदेश तक यहां टोल टैक्स लिया जाता रहेगा। इससे फरीदाबाद-गुरुग्राम ही नहीं बल्कि पलवल व दिल्ली से आने-जाने वाले एक लाख से अधिक वाहन चालकों को झटका लगा है। याद रहे यहां चारों टोल प्लाजा का संचालन सबसे पहले 12 जून की मध्यरात्रि तक निर्धारित था। लेकिन सरकार के नए आदेश के बाद इसे दो जुलाई तक कर दिया गया था। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन संचालित दोनों टोल प्लाजा का अनुबंध समाप्त होने के चलते इनके बंद होने की चर्चा तेज थी। विशेष रूप से बंधवाड़ी टोल प्लाजा को लेकर स्थानीय निवासी, उद्योगपति और जनप्रतिनिधि लंबे समय से इसे हटाने की मांग कर रहे हैं। बडख़ल से विधायक धनेश अदलखा ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर टोल समाप्त करने का आग्रह किया था। उनका कहना है कि टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से प्रतिदिन हजारों वाहन चालक प्रभावित होते हैं और समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर वर्ष 2009 के आसपास स्थापित बंधवाड़ी टोल प्लाजा सडक़ निर्माण और रखरखाव की लागत वसूलने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। हालांकि, समय के साथ यह टोल आम लोगों की परेशानी का कारण बन गया। सुबह और शाम के समय यहां लंबी कतारें लगना आम बात है। कई बार एंबुलेंस, स्कूल बसें और कार्यालय जाने वाले कर्मचारी भी जाम में फंस जाते हैं। 21 जून को बंधवाड़ी टोल पर महापंचायत का आयोजन किया गया था। पाली क्रेशर जोन और बल्लभगढ़-सोहना रोड पर स्थित पाखल टोल प्लाजा को हटाने की मांग को लेकर लोगों प्रदर्शन भी किया था। यहां गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नोएडा सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। लोक निर्माण विभाग गुरुग्राम चरणदीप सिंह ने बताया कि सरकार का आदेश आ गया है। इसलिए अब दो जुलाई को वसूली बंद नहीं होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button