
फरीदाबाद, 01 जुलाई । बल्लभगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली राजीव कालोनी में मंगलवार रात छत पर सो रहे युवक को अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी। गोली सिर में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान विपिन के रूप में हुई है, जो राजीव कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहता है। घटना के समय वह घर की छत पर सो रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर फायरिंग कर दी। युवक मैनपुरी यूपी का रहने वाला है। करीब 16 दिन पहले ही वह यंहा पर किराए पर रहने के लिए आया था। पानी की गाड़ी पर ड्राइवर का काम करता है। परिवार में दोनों पति-पत्नी और एक बच्चा है। गोली मारने का कारणों का खुलासा नहीं है, घर में कोई फोटो नही है। पत्नी उसके साथ दिल्ली गई हुई है। मालिक के पास उसका आधार कार्ड तक नहीं है। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। युवक खून से लथपथ पड़ा मिला, जिसके बाद उसे तत्काल बल्लभगढ़ के बादशाह खान सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेज दिया। वारदात की सूचना मिलते ही सेक्टर 58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावर तक पहुंचा जा सके। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। वहीं, घायल युवक का इलाज सफदरजंग अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।





