NCR Newsफरीदाबाद

शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के लिए चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान : धीरेंद्र खडग़टा

7 से 31 जुलाई तक अभियान, निगमायुक्त ने ली अधिकारियों की बैठक
फरीदाबाद। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने आज नगर निगम तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में आगामी 7 जुलाई से 31 जुलाई तक पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निगम आयुक्त ने बताया कि इस विशेष अभियान के अंतर्गत प्रत्येक वार्ड में कम से कम एक किलोमीटर सडक़ को सुंदर स्वरूप विकसित करते हुए व्यापक सफाई एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे। अभियान के दौरान सडक़ सफाई, सडक़ मरम्मत, सेंटर वर्ज की मरम्मत, पौधारोपण, ग्रीन बेल्ट का रखरखाव, सी एंड डी (निर्माण एवं विध्वंस) अपशिष्ट का उठान तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम द्वारा निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रथम चरण में शहर की लगभग 600 किलोमीटर से अधिक प्रमुख सडक़ों को शामिल किया जाएगा। इसके बाद अभियान का विस्तार अन्य सडक़ों तथा गलियों तक किया जाएगा, ताकि पूरे शहर में स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण का एक समान वातावरण सुनिश्चित हो सके। निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के सफल संचालन के लिए शीघ्र ही विभागवार टीमें गठित की जाएं तथा प्रत्येक क्षेत्र के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाए। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए। बैठक के दौरान निगम आयुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि सडक़ के बीच स्थित सेंटर वर्ज में लगभग छह इंच तक मिट्टी निकाली जाए, कई जगह पर देखा गया है कि मिट्टी वापसी सडक़ पर फिसल आती है जिससे वायु प्रदूषण होता है,साथ ही जिससे पौधों को पर्याप्त पोषण मिल सके तथा वर्षा के दौरान मिट्टी बहकर सडक़ों पर न आए। उन्होंने कहा कि मानसून के मौसम को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाए, जिससे शहर हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बन सके। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान नियुक्त नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पार्कों, ग्रीन बेल्ट तथा स्वच्छता कार्यों का नियमित निरीक्षण करेंगे। साथ ही नगर निगम द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर सी एंड डी वेस्ट फेंकने तथा कूड़ा फैलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर चालान की कार्रवाई भी की जाएगी। निगम आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर फरीदाबाद का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, रोटरी क्लब सहित अन्य नागरिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके। बैठक में नगर निगम के जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार,जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव निगम सेक्टरी अमित मान ,मुख्य अभियंता विवेक गिल, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता संदीप दहिया,निगम के अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह सहित निगम के अन्य अधिकारीगरी और अन्य विभागो के अधिकारीगण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button